(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां-खीरी लखीमपुर 09 नवंबर। कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला, कृषि वैज्ञानिक संवाद का आयोजन हुआ। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह संग दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह सीडीओ अनिल कुमार सिंह, डीडी कृषि अरविंद मोहन मिश्र के साथ साडे 300 किसानों को सरसों एवं मसूर की मिनी किट के बीज वितरित किए। इसके अलावा 20 किसानों को मृदा परीक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए।

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि एक समय था कि जब एक बीघे में 01 कुं. फसल उत्पादन होता था लेकिन आज फसल उत्पादन में आशातीत वृद्धि हुई है। ऐसे कृषक धन्य है जो लोग खेती और किसानी के कार्य में लगे हुए है। किसान गोष्ठी एवं मेलों में कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से दी जा रही जानकारियों का किसान आत्मसात करते हुए अपनी उत्पादकता को बढ़ाएं। कृषक केंद्र व राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मौजूद किसानों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का भरपूर लाभ उठाए। वैज्ञानिक विधि से खेती करें ताकि उन्हें भरपूर उपज प्राप्त हो सके। स्ट्रीविया, लेमन ग्रास, पपीता, आलू एवं केला इत्यादि के फसलों का उत्पादन कर कृषक अत्यधिक लाभ प्राप्त कर सकते है। मा. मुख्यमंत्री का निर्देश है कि कृषकों को समय से खाद, बीज उपलब्ध कराये जाये। गाय हमारी माता है, इनको छुट्टा न छोडे़, अपने घरो पर रखकर इनकी सेवा करें। यदि सभी कृषक अपनी भूमिका अदा करें तो गौशालाए बनाने की आवश्यकता नहीं है।

सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने किसानों को अवगत कराया कि 1970 के पूर्व गुणवत्तायुक्त उत्पादन होता था लेकिन समयान्तर्गत खाद्यान की जरूरत के दृष्टिगत नई प्रजातियों को विकसित किया गया एवं रासायनिक खादों तथा पेस्टीसाइड का आवश्यकता से अधिक उपयोग किया। अतः अब जरूरी हो गया कि जैविक/प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाए तथा देशी पशुओं की प्रजाति को संरक्षित किया जाए। उप कृषि निदेशक द्वारा अध्यक्ष की अनुमति से बैठक में उपस्थित अधिकारी एवं सभी सम्मानित कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए किसान मेला समाप्ति की घोषणा की।

जनपदीय रबी उत्पादकता गोष्ठी में डीडी कृषि अरविन्द मोहन मिश्र ने रबी की कार्ययोजना प्रस्तुत की तथा विस्तार से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिला कृषि अधिकारी अरविन्द कुमार चोधरी द्वारा कृषि निवेश आदि की व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड एवं पीएम फसल बीमा के सम्बन्ध में जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र जमुना बाद एवं मझरा के वैज्ञानिकों के द्वारा खेती से संबंधित समसामयिक जानकारी दी। कार्यक्रम में पीपीओ सत्येंद्र सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी सुभाष चंद्र, डीएचओ मृत्युंजय सिंह, एसडीओ (कृषि) निखिल देव तिवारी, कृषि वैज्ञानिक डॉ एके वर्मा, डॉ एसके पांडे, डॉ संदीप तिवारी ने भी किसानों को योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान प्रगतिशील कृषक एवं एफपीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।

विधायक, डीएम-सीडीओ ने किया स्टालों का अवलोकन
विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने अधिकारियों संग जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी, किसान मेला में कृषि, गन्ना, रेशम, पशुपालन, कृषि रक्षा, प्रगतिशील कृषक, कृषक उत्पादक संगठन एवं निजी क्षेत्र के उर्वरक, बीज बिक्रेताओं के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने “श्री अन्न मिलेट्स” फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। स्टॉल प्रतिनिधियों से स्टॉल के संबंध में जरूरी जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया।

खेती-बाड़ी पर हुआ प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम, सवालों का सही जवाब वाले किसान पुरस्कृत
कृषि विभाग के तत्वावधान में कृषि उत्पादन मंडी समिति राजापुर में सजी कृषि मेला एवं प्रदर्शनी में डीडी (कृषि) अरविंद मोहन मिश्रा की अध्यक्षता में खेती बाड़ी पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित हुई, जिसमें खेती-बाड़ी से संबंधित प्रश्नों के सही जवाब देने वाले किसानों को विभिन्न फर्टिलाइजर कंपनियों यथा इफको ने नैनो यूरिया, कृभको ने एनपीके, कंसोटिया सहित कृषि विभाग ने पेस्टिसाइड, ट्राइकोडर्मा को पुरस्कार के रूप में देखकर किसानों को सम्मानित किया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *