।।मृतक छत्रपाल का फाइल फोटो ।।

(न्यूज़ -राजीव गोयल)

पलिया कलां (खीरी)गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में गुरुवार सुबह गोला-बांकेगंज मार्ग पर दीपक ट्रेडर्स के पास तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के कारण मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बांकेगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर 11 निवासी 43 वर्षीय छत्रपाल पुत्र तोखन लाल गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी बाइक से किसी काम से निकले थे। जब वह गोला-बांकेगंज मार्ग पर दीपक ट्रेडर्स के सामने पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डीसीएम का पहिया छत्रपाल के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी के स्कूल में दाखिले के लिए निकले थे छत्रपालमृतक के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि छत्रपाल अपनी बेटी के स्कूल में दाखिले के सिलसिले में घर से निकले थे। उन्हें क्या पता था कि बेटी के बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर निकले पिता का यह सफर आखिरी साबित होगा। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। छत्रपाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *