पलिया कलां (खीरी)खंभारखेड़ा (लखीमपुर )बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड की खंभारखेड़ा चीनी मिल की ओर से ग्राम सांडा में कृषक अमरजीत सिंह के फार्म पर शरदकालीन गन्ना बुवाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वृहद किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती, उन्नत प्रजातियों के चयन तथा उत्पादन लागत कम कर उपज बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर के वैज्ञानिक एवं सहायक निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार कपिल ने किसानों को संबोधित करते हुए वैज्ञानिक विधियों से गन्ने की बुवाई करने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उचित कृषि पद्धतियों के उपयोग से उत्पादन लागत में कमी लाने और प्रति इकाई क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।गोष्ठी में शरदकालीन बुवाई के लिए CoLk 14201, Co 0118, CoLk 16202, Co 21012 एवं Co 20016 गन्ना प्रजातियों को अपनाने की सलाह दी । किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए चार फीट की दूरी पर ट्रेंच विधि से बुवाई करने तथा निर्धारित शरदकालीन बुवाई लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही गन्ने के साथ सरसों, मटर, मसूर और आलू जैसी फसलों की सहफसली खेती अपनाने की जानकारी दी । तथा किसानों को यह भी बताया गया कि सहफसली खेती के माध्यम से किसान मुख्य फसल के साथ अतिरिक्त आय प्राप्त करने के अवसर बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) पुष्पेंद्र ढाका, एजीएम (केन) राजेंद्र सिंह, संजीव कुमार तथा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, खंभारखेड़ा सुरेश कुमार चौधरी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।