(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी )राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद पलिया कलां के कार्यालय परिसर में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पलिया कलां की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इसके उपरांत श्री रामगोपाल नेकीराम जूनियर हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान का लयबद्ध गायन किया गया।कार्यक्रम के पश्चात पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता, सभासदगण एवं पालिका कर्मचारियों द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमदान किया गया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी का स्वच्छता का संदेश तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सभासद श्रीमती किरण देवी, सभासद श्रीमती सावित्री देवी, नामित सभासद व भाजपा नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह, आर.डी. राय सहित पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed