(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 08 सितंबर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए मंगलवार का दिन सौगातों से भरा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मानदेय बढ़ाने का एलान कर हजारों कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मुस्कान ला दी। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 12 हजार रुपये और सहायिकाओं को छह हजार रुपये मानदेय मिलेगा। मुख्यमंत्री के एलान का कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी, डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संयोजन डीपीओ आईसीडीएस भारत प्रसाद और डीपीओ लवकुश भार्गव ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय वृद्धि और 5 लाख रुपये के आयुष्मान कार्ड सहित कई सौगातें दी गई हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से कुपोषण मुक्ति और मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं को ईमानदारी से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह संकल्पित है। पिछले नौ वर्षों में आंगनवाड़ी व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन आया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा मानदेय बढ़ाकर ₹12,000 करने और प्रतिवर्ष ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा (आयुष्मान कार्ड) देना सराहनीय कदम है। जिलाध्यक्ष ने पूरी निष्ठा और मनोयोग से दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। ब्लॉक स्तर की बैठकों में मानदेय बढ़ाने की जो मांग उठती थी, सरकार ने उसका सकारात्मक समाधान कर दिया है। मानदेय में वृद्धि के साथ स्वास्थ्य बीमा देकर सीएम व पीएम ने बहनों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की चिंता की है। उन्होंने आंगनबाड़ी व सहायिका बहनों से योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

*मेधावी बेटियों को पांच-पांच हजार की शाबाशी, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान*
कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी, डीएम अंजनी कुमार सिंह और सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रतिभाओं और लाभार्थियों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं हृदयांशी सक्सेना, अनुराधा मिश्रा, समीक्षा भारती और दीपिका सिंह तथा इंटरमीडिएट की मेधावी छात्राओं तेजस्वी नारायण शर्मा, आर्या त्रिपाठी, उम्मे हानी और लक्ष्मी कश्यप को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि के चेक प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पीएम मातृ वंदना योजना के पांच लाभार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पूनम मिश्रा सोनी, निमा देवी, अंजली वर्मा और उमा वर्मा को आयुष्मान गोल्डन कार्ड प्रदान किए गए।

*नन्हे-मुन्नों के चेहरे पर खिली मुस्कान, गर्भवती महिलाओं को पोषण किट*
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं उमा अवस्थी, शबनम परवीन, सपना वर्मा, शैलेंद्र कुमारी और क्षमा रानी पांडे तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं पुष्पा देवी, सुनीता देवी, राजकुमारी, गीता और सरोज कुमारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पांच गर्भवती महिलाओं को पोषाहार किट और शाल भेंट कर सम्मानित करते हुए गोदभराई संस्कार किया गया। वहीं पांच शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर बच्चों को खिलौने और मिठाई के पैकेट भी वितरित किए गए।

*सैम से सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों के अभिभावकों का सम्मान*
कार्यक्रम में सैम (गंभीर तीव्र कुपोषण) श्रेणी से स्वस्थ होकर सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के माता-पिता को सम्मानित किया गया। उन्हें मिठाई, कपड़े, खिलौने, शाल, सम्मान पत्र एवं अन्य उपहार भेंट किए गए। बच्चों के स्वस्थ होने पर अभिभावकों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इस पहल के माध्यम से कुपोषण के खिलाफ बेहतर पोषण, नियमित देखभाल और जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed