

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां (खीरी)तहसील क्षेत्र के ग्राम पलिया खुर्द में मंगलवार को राजस्व व पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश पर दो घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए उन्हें जमींदोज कर दिया है। एसडीएम पुष्पक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर खलिहान की जमीन पर बने मकानों को गिराया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह एसडीएम पुष्पक, सीओ जितेन्द्र सिंह परिहार के साथ भारी पुलिस बल के साथ ग्राम पलिया खुर्द पहुंचे। जहां उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में खलिहान की भूमि पर बने रामपाल मौर्य व राजाराम के घरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। एसडीएम पुष्पक ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान मौके पर पांच थानों की फोर्स व पीएसी भी तैनात रही। पीड़ित राजा राम ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने रंजिशन उनके विरुद्ध शिकायत कर उनका घर गिरवा दिया जबकि वह पिछले 25 सालों से मकान बनाकर यहां पर रह रहे हैं उन्होंने कहा कि अब वह अपने परिवार के साथ कहां रहेंगे बरसात का मौसम है और उनके पास कोई रहने का ठिकाना नहीं है इस कार्रवाई से ग्रामीणों में भी रोष नजर आया लोग बोले कि गरीबों के घरों पर तो प्रशासन तुरंत कार्रवाई करने आ जाता है लेकिन जब कोई बड़ा आदमी पर कार्रवाई करनी होती है तो यही प्रशासन उसमें हीला हवाली करता दिखाई देता है। राजा राम ने यह भी बताया कि विधायक रोमी साहनी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनका मकान नहीं टूटने देंगे उसने बताया कि उन्होंने विधायक जी को जानकारी दे दी है अब देखना होगा कि आगे इस मामले में क्या होता है।
