


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) गोला गोकर्णनाथ, जिसे छोटी काशी के नाम से जाना जाता है, में सावन के पहले सोमवार 3अगस्त को जलाभिषेक को लेकर रविवार से ही शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। जिले के साथ-साथ आसपास के जनपदों से कांवड़ियों के जत्थे गोला की ओर रवाना हुए। गोला रोड हाई वे दिनभर भगवा रंग में रंगा रहा और पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
रविवार सुबह से ही कांवड़ियों के जत्थे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, चारपहिया वाहनों और पैदल गोला गोकर्णनाथ की ओर बढ़ते रहे। श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ और हाथों में भगवा ध्वज लेकर शिव भजनों के बीच यात्रा करते नजर आए। कई स्थानों पर कांवड़िये नृत्य करते हुए और भजन-कीर्तन गाते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से सही होने के कारण कहीं पर किसी की को कोई परेशानी नहीं हुई।
