(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 03 अगस्त। परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नगर क्षेत्र स्थित संविलियन विद्यालय सदर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यालय परिसर की स्वच्छता तथा विद्यालय भवन की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने एक-एक कक्षा में जाकर बच्चों की पढ़ाई का स्तर परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से किताब पढ़वाई, ब्लैकबोर्ड पर लिखे शब्द पढ़वाकर उनकी रीडिंग स्किल जांची और कई सवाल पूछकर सीखने की क्षमता का आकलन किया। छात्राओं इकरा और अनन्या ने सटीक जवाब दिए तो डीएम ने पूरी कक्षा से तालियां बजवाकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दृश्य ने बच्चों के चेहरे पर अलग ही आत्मविश्वास भर दिया।

यहीं नहीं, डीएम ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए पर्यायवाची शब्दों का अर्थ समझाया और बच्चों को सरल तरीके से पढ़ाया। उनकी क्लास के दौरान बच्चे पूरे उत्साह के साथ जवाब देते और सीखते नजर आए। विद्यालय का माहौल भी कुछ देर के लिए बिल्कुल अलग दिखाई दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षक -शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, भवन की स्थिति और अभिलेखों की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों को आगे की पंक्ति में बैठाकर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उनकी सीखने की गति बेहतर हो सके।

डीएम ने शिक्षकों से कहा कि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से लगातार संवाद बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषदीय विद्यालयों की पहचान तभी मजबूत होगी, जब शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार दिखाई देगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed