

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 28 नवंबर। लोकतंत्र की मजबूती की पहली शर्त है कि हर पात्र नागरिक को मताधिकार का अवसर मिले। इसी संकल्प के साथ शनिवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 की हकीकत जानने खुद बूथों पर पहुंचे। कहीं नए मतदाताओं के पंजीकरण की पड़ताल की तो कहीं बीएलओ से फॉर्म-6 की प्रगति जानी। इस दौरान बेहतर कार्य करने वाली बीएलओ को सम्मानित कर डीएम ने साफ संदेश दिया कि निर्वाचन कार्य में निष्ठा और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन भी मिलेगा और लापरवाही पर जवाबदेही भी तय होगी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी मतदेय स्थलों पर शनिवार को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। सुबह 10 से शाम चार बजे तक चले अभियान में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के आवेदन प्राप्त किए गए।
*अच्छे काम को मिला सम्मान, अनीता देवी बनीं मिसाल*
निरीक्षण के दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 353 पर पहुंचकर बीएलओ अनीता देवी के कार्यों से रूबरू हुए। निर्वाचन संबंधी दायित्वों के बेहतर निर्वहन और उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्होंने अनीता देवी को पुरस्कार एवं प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। डीएम ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य न केवल निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाता है, बल्कि दूसरे कार्मिकों के लिए भी प्रेरणा बनता है। सम्मान के इस कदम से बूथ स्तर पर बेहतर कार्य करने वाले कार्मिकों का उत्साह बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
डीएम ने तहसील सदर के अंतर्गत श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालय जमुनिया में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की संख्या और उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। निर्देश दिया कि कैंप में प्राप्त सभी आवेदनों की उसी दिन ऑनलाइन फीडिंग कराई जाए। पात्र नागरिकों के आवेदन लेने में किसी तरह की लापरवाही न हो और पंजीकरण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाए।
*बूथों पर पहुंचे एसडीएम, जिलेभर में हुई निगरानी*
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेट और सभी नोडल अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे। उन्होंने विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर कैंपों की व्यवस्थाएं देखीं और बीएलओ से पंजीकरण कार्य की प्रगति जानी। प्रशासनिक अधिकारियों और निर्वाचन कार्मिकों की सक्रियता से जिलेभर में विशेष अभियान संचालित हुआ।
*इनसेट…..*
*बूथों पर पहुंचे सीईओ कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी*
मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत जिलेभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के विशेष कार्याधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने जनपद खीरी के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर बूथों पर चल रही मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता, नए मतदाताओं के पंजीकरण और बूथ स्तर पर की गई व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने मतदेय स्थलों पर मौजूद निर्वाचन कार्मिकों से अभियान की प्रगति की जानकारी लेकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पंजीकरण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
