(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 28 नवंबर। किसी के माथे पर सजा सेहरा तो किसी के हाथों में रची मेहंदी, कहीं वैदिक मंत्रों की गूंज तो कहीं निकाह की रस्में। खुशियों और उल्लास के इस माहौल में शनिवार को 156 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नई जिंदगी का आगाज किया। बेहजम रोड स्थित लोटस वैली मैरिज हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 10 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आयोजित इस समारोह में विवाह की खुशियों के साथ सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर भी नजर आई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अध्यक्ष नगर पंचायत मैलानी कीर्ति महेश्वरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह और बीडीओ सदर शिवांकित वर्मा के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। डीएम ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

*पारंपरिक पगड़ी में पहुंचे अधिकारी, नवदंपतियों पर बरसाए फूल*
समारोह में पारंपरिक पगड़ी पहने अधिकारियों ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। अधिकारियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर शुभाशीष दिया। इस दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ वर-वधू को दी जाने वाली उपहार सामग्री का निरीक्षण किया और उसकी गुणवत्ता परखी। प्रशासन की ओर से वर-वधू पक्ष को भेंट स्वरूप ड्राई फ्रूट और लड्डुओं से सजी डलियां भी प्रदान की गईं। फूलों की वर्षा और परिजनों की शुभकामनाओं के बीच नवदंपतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

*कमजोर परिवारों के लिए संबल है योजना : डीएम*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ा संबल है। योजना का उद्देश्य बेटियों के विवाह में सहयोग देने के साथ समाज में समानता, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। सामूहिक विवाह आयोजन विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने नवदंपतियों को जीवन की नई पारी आपसी विश्वास, समझ और पारिवारिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।

*पहले छूटे 156 जोड़ों का भी कराया गया विवाह*
कार्यक्रम की संयोजक जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। जिले में पूर्व में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में किन्हीं कारणों से शामिल नहीं हो सके 156 जोड़ों का विवाह शनिवार को विशेष समारोह आयोजित कर संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से जरूरतमंद परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता मिलती है और उन्हें सामाजिक सम्मान के साथ अपनी बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर प्राप्त होता है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed