(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 17 अक्टूबर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप लगाकर मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहे और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे लोगों तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया।

अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गोला गोकर्णनाथ स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 238 से 243 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ रीता देवी, सुनीता देवी, शारिका रानी, अमित वर्मा, नसरीन खातून और चंद्रशेखर से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति भी जानी और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के कार्य को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया।

डीएम ने बीएलओ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें पूरे मनोयोग और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य केवल फॉर्म भरवाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोला युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार गोला सहित संबंधित सुपरवाइजर और राजस्व अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिले के सभी उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर विशेष कैंपों की निगरानी करते रहे और बीएलओ का उत्साह बढ़ाया।

*पात्र नागरिकों से पंजीकरण की अपील*
प्रशासन का जोर है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिक और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण कराएं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी की पहली और जरूरी सीढ़ी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *