(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 13 अक्टूबर। सरहद की हिफाजत में जिनका जीवन समर्पित रहा, उनके शौर्य और त्याग को मंगलवार को सलाम किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में आयोजित वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया। वीर सैनिकों के अनुभवों ने समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद सिंह के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पूर्व सैनिक सार्जेंट रामपाल सिंह, सूबेदार संतोष सिंह सेना मेडल, सूबेदार बाबूराम, सूबेदार बालकराम वर्मा, सिपाही रामप्रकाश शुक्ला और सूबेदार गुरनाम सिंह को माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

*अनुभवों में दिखा देशसेवा का जज्बा*
समारोह में पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव और वीरगाथाएं साझा कीं। उनके अनुभवों में देश की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम ने नई पीढ़ी को सैनिकों के संघर्ष, साहस और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों से परिचित कराने का संदेश दिया।

*सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता : डीएम*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सैनिकों का शौर्य, त्याग और समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है। सीमाओं की सुरक्षा से लेकर देश की संप्रभुता की रक्षा तक, सैनिक हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हैं। उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। पूर्व सैनिकों का सम्मान करना उनके सेवाकाल के योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना है। उनके अनुभव और जीवन मूल्य युवाओं को अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान तथा संवेदनशीलता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *