

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 09 अक्टूबर। नवरात्र, दुर्गा पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम और एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने अधिकारियों व आयोजन समितियों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी नई परंपरा, आयोजन या नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक का संचालन एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी और एएसपी (पश्चिमी)अमित कुमार राय ने संयुक्त रूप से किया।
*त्योहार रजिस्टर के अनुसार ही होंगे आयोजन*
डीएम ने कहा कि त्योहार रजिस्टर में पूर्व से दर्ज आयोजनों को ही नियमानुसार अनुमति मिलेगी। समितियां संबंधित एसडीएम और थानाध्यक्ष को पहले से सूचना देंगी। प्रत्येक समिति के कम से कम पांच प्रमुख पदाधिकारियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर संबंधित थाने व एसडीएम कार्यालय में दर्ज कराए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और स्थानीय लोगों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजाए जाएंगे। भड़काऊ या आपत्तिजनक गाने चलाने और ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने थानाध्यक्षों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
*पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम*
एसएसपी ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में निगरानी के लिए स्वयंसेवक तैनात करने को कहा। पंडालों की स्थापना इस तरह हो कि यातायात बाधित न हो और रेलवे लाइन के आसपास दुर्घटना की आशंका न रहे।
बिजली के तारों व कनेक्शन की सुरक्षित व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग खुला रखने, अग्निशमन उपकरणों के साथ बालू और पानी की बाल्टियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा विसर्जन मार्गों की मरम्मत और घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने पुतला दहन, पूजा पंडालों, मेलों और आतिशबाजी के दौरान आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को समय रहते सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
*सफाई, बिजली और सोशल मीडिया पर निगरानी*
डीएम ने साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित कराने को कहा। आयोजन स्थलों व विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर कमियों को समय से दूर करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक खबर या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की चेतावनी दी गई। नागरिकों से बिना सत्यापन कोई सूचना साझा न करने तथा सभी त्योहार आपसी भाईचारे और जिले की गंगा-जमुनी तहजीब के अनुरूप मनाने की अपील की गई।
बैठक में एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी, एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, एसडीएम अर्चना ओझा, सीओ सिटी महक शर्मा, तहसीलदार मुकेश कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, ईओ नगर पालिका संजय कुमार, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरु व आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। तहसील स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
