(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी दुधवा बफर जोन के ग्राम अयोध्यापुरवा, पंचायत एवं पोस्ट-सिन्हौना, थाना सिंगाही, जनपद लखीमपुर खीरी के रहने वाले कुमार विशेष ने अंडर-17 क्रिकेट के क्षेत्र में गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक का शानदार सफर तय करते हुए नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।कुमार विशेष को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरा जुनून रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट की तैयारी के लिए पर्याप्त संस्थागत सुविधाएं उपलब्ध न होने के बावजूद उन्होंने अपने सपने को पूरा करने का प्रयास जारी रखा। कक्षा-8 तक की शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने लखनऊ स्थित काल्विन तालुकेदार कॉलेज में प्रवेश लिया, जहां शिक्षा के साथ-साथ उन्हें क्रिकेट प्रतिभा को निखारने और उच्च स्तर पर खेलने का अवसर मिला।इसी वर्ष कुमार विशेष ने कक्षा-10 की बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने के साथ विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। अनेक टूर्नामेंटों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ जैसे सम्मान प्राप्त हुए।
सीआईएससीई बोर्ड द्वारा आयोजित जोनल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद कुमार विशेष ने रीजनल स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। फाइनल जैसे दबावपूर्ण मुकाबले में उन्होंने महत्वपूर्ण और नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें अंडर-17 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिला।राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्तर पर अपेक्षित अवसर और भूमिका नहीं मिलने के बावजूद कुमार विशेष ने अपने आत्मविश्वास और टीम भावना को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने पूरी प्रतिबद्धता के साथ टीम के लिए अपना योगदान जारी रखा। अंततः उनकी टीम ने राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर यह साबित किया कि सच्ची प्रतिभा, धैर्य और टीम भावना के सामने परिस्थितियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।अंडर-17 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने ग्रुप चरण में पहला मुकाबला मध्य प्रदेश के विरुद्ध, दूसरा मुकाबला पूर्व चैंपियन केरल के विरुद्ध खेला। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना की संयुक्त टीम को पराजित किया। सेमीफाइनल में मेजबान महाराष्ट्र को हराकर उत्तर प्रदेश की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने नॉर्थ जोन (पंजाब सहित अन्य राज्यों की टीम) को पराजित कर शानदार जीत दर्ज की और अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।गांव की गलियों से शुरू हुआ कुमार विशेष का क्रिकेट सफर अब राष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुका है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए, बल्कि दुधवा बफर जोन एवं लखीमपुर खीरी जनपद के लिए भी गौरव का विषय है। कुमार विशेष की सफलता ग्रामीण अंचल के उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।कुमार विशेष की यह उपलब्धि संदेश देती है—
“संसाधन सीमित हो सकते हैं, लेकिनप्रतिभा, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण की कोई सीमा नहीं होती।”
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *