





(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी 02 अक्टूबर। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। पूरा जिला दोनों महापुरुषों के जय घोषों से गूंज उठा। राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सुबह स्कूली बच्चों की ओर से प्रभातफेरी निकाल कर सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
प्रातः 09 बजे डीएम अंजनी कुमार सिंह, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में गांधी व शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत हुआ। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाने वाली बलिकाओं को पुरस्कृत किया गया। डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों को शाल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
इसके उपरान्त कलेक्ट्रेट सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने युवाओं से महापुरुषों के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में किसी भी सामग्री को बिना सत्यापन के साझा करने से बचना चाहिए। सत्य, अहिंसा, सादगी और ईमानदारी के मूल्यों को जीवन में उतारना जरूरी है।
डीएम ने महात्मा गांधी की आत्मकथा सत्य के प्रयोग पढ़ने की सलाह देते हुए कहा कि गांधी का जीवन दर्शन आज भी प्रासंगिक है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का जीवन युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी देशहित को सर्वोपरि रखने का संदेश देता है। डीएम ने युवाओं को भ्रामक व आधी-अधूरी सूचनाओं से सावधान रहने तथा किसी भी जानकारी को विवेक की कसौटी पर परखने की सलाह दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के विचारों का अध्ययन कर उन्हें जीवन में उतारने का आह्वान किया। उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श व विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान होगा। उन्होंने गांधी के सर्वोदय व अंत्योदय तथा शास्त्री जी की सादगी और दूरदर्शिता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह ने कहा कि दोनों महापुरुषों का देश की स्वतंत्रता और नवनिर्माण में अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने अधिकारियों, नागरिकों और बच्चों से उनके विचारों को जीवन में अपनाते हुए देश के विकास में निष्ठापूर्वक योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर पत्रकार एनके मिश्रा, संजीव त्रिवेदी, डीएम के ओएसडी संतोष कुमार वर्मा गांधी व शास्त्री के विषय में सारगर्भित विचार व्यक्त किये। इस मौके पर कलेक्ट्रेट कर्मी कुशाग्र और श्रीराम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर डीएसओ सीमा त्रिपाठी, डिप्टी आरएमओ नमन पाण्डेय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं नाजिर मो. सलीम, प्रशासनिक अधिकारी सुधीर सोनी, सुरेश कुमार वर्मा, खुशाल सिंह सहित कलेक्ट्रेट कैम्पस के कार्यालयों के कर्मचारी मौजूद रहे।
*डीएम ने गांधी जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण*
*डीएम को अपने बीच पाकर बच्चों के खिले चेहरे*
गांधी व शास्त्री जयंती के अवसर पर नगर में स्थित गांधी बालोद्यान कन्या जूनियर हाईस्कूल विघालय में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। विद्यालय की नर्सरी की छात्रा ने डीएम का माल्यार्पण किया। विद्यालय के छात्राओं ने रामधुन सहित तमाम देशभक्ति से भरे गीत प्रस्तुत किये।
इस मौके पर विद्यालय अध्यक्ष/डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में महात्मा गांधी के सत्य अंहिसा तथा शांति के संदेश की प्रासंगिता और अधिक बढ़ गयी है। ऐसे में गांधी जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए हमें तेजी से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। विद्यालय के बच्चों को सम्बोधित करते हुए उन्होनें कहा कि उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए नये सोपानों को प्राप्त करे। आप सभी बाल्यकाल में है और देश में आने वाले भविष्य है। बापू के बताए रास्ते पर चलकर गांधी जी के मूल्यों और आर्दशों को अपनाये। शिक्षा वह रास्ता है जो आसपास एवं परिवार का भविष्य संवार सकता है।
डीएम ने कहा कि नन्हे मुन्ने बच्चों ने अपने मनमोहक प्रस्तुति के जरिए गांधी जी को साक्षात आंखों के सामने लाकर रख दिया। बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। डीएम ने अफसरों संग बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद लिया। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षिकाए व बच्चें मौजूद रहें।
