पलिया कलां (खीरी) पलिया में ISBT निर्माण की कवायद तेज, परिवहन मंत्री से मिले विधायक रोमी साहनी जिलाधिकारी की संस्तुति वाला प्रस्ताव सौंपकर मांगी जल्द मंजूरी, परिवहन मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन पलिया। पलिया विधानसभा क्षेत्र में इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए विधायक रोमी साहनी ने पहल तेज कर दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर पलिया में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण को जल्द मंजूरी देने की मांग की। इस दौरान विधायक ने जिलाधिकारी की संस्तुति वाला प्रस्ताव परिवहन मंत्री को सौंपा। उन्होंने कहा कि पलिया में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही परिवहन संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में आवागमन भी सुगम होगा।विधायक रोमी साहनी ने प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह करते हुए बस अड्डे के निर्माण को जनहित से जुड़ा अहम मुद्दा बताया। इस पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सकारात्मक आश्वासन दिया।प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई है। अब सबकी निगाहें शासन स्तर से मिलने वाली स्वीकृति पर टिकी हैं, जिसके बाद पलिया में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।