(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 29 सितंबर। शहर में जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी के बीच मंगलवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने खुद मोर्चा संभाला। अधिकारियों के साथ दफ्तर में बैठकर स्थिति की जानकारी लेने के बजाय डीएम सीधे प्रभावित इलाकों में पहुंचे और पटेल नगर, राजापुर व राजाजीपुरम में जलभराव की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने जलनिकासी के रास्ते में आ रही बाधाओं को देखा और उनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।

डीएम ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति के अनुसार संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी के सुचारु प्रवाह में जहां भी बाधा आ रही है, उसे चिन्हित कर उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए दूर कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

मौके पर डीएम ने बीडीओ संदीप कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता व टीम को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जलनिकासी कार्य में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान लखीमपुर ब्लॉक की प्रशासक दिव्या सिंह, ग्राम पंचायत राजापुर के प्रशासक और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed