(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 29 सितंबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर को जिले में गरिमापूर्ण एवं भव्य ढंग से मनाई जाएगी। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय करने के साथ विभागवार जिम्मेदारियां स्पष्ट की गईं। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से पूरी तैयारी के साथ आयोजित किए जाएं। आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ अधिक से अधिक जनभागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा तथा शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि कार्यक्रमों की शुरुआत वंदे मातरम और समापन राष्ट्रगान से कराया जाए।

*राजकीय भवनों और शिक्षण संस्थानों में होंगे कार्यक्रम*
सुबह नौ बजे सभी राजकीय भवनों, कार्यालयों एवं संस्थानों में वरिष्ठ अधिकारी, प्रधानाचार्य अथवा अध्यक्ष द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के बड़े चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद दोनों महापुरुषों के जीवन संघर्ष, देशसेवा और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाएगा।

*गांव से शहर तक स्वच्छता पर रहेगा फोकस*
गांधी जयंती के अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सुबह नौ से 10 बजे तक सभी ग्राम सभाओं और शहरी मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान संचालित होगा। सार्वजनिक स्थलों, ग्राम पंचायतों, बाजारों और प्रमुख स्थानों पर साफ-सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। नगर निकायों की मलिन बस्तियों में अभियान के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे।

*पांच किमी पैदल चाल से होगी शुरुआत*
दो अक्टूबर को कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 6:30 बजे लालपुर बैरियर स्टेडियम परिसर में बालक-बालिकाओं की पांच किलोमीटर पैदल चाल प्रतियोगिता से होगी। सुबह नौ बजे शासकीय एवं शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत भवनों और सहकारी समितियों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सुबह 9:30 बजे डीएम श्री गांधी बालोद्यान में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

*अस्पताल से कारागार तक फल वितरण*
सुबह 10 बजे मूक-बधिर विद्यालय में गुरुद्वारा श्री गुरु गोविंद सिंह सभा और पालिका प्रशासन की ओर से फल वितरण किया जाएगा। जिला अस्पताल के पुरुष एवं महिला वार्ड, जिला कारागार और कुष्ठ आश्रम में अधिकारियों एवं रोटरी क्लब के सहयोग से फल वितरित किए जाएंगे। साथ ही अन्य कार्यक्रम भी तय किए गए।

बैठक में गांधी जयंती के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दिया गया। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ योगानंद पाण्डेय, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम न्यायिक ब्रजपाल सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed