(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 26 सितंबर। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव और विभिन्न स्थानों पर पेड़ गिरने की स्थिति को देखते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह स्वयं सड़कों पर उतरे और शहर की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने अधिशासी अधिकारी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जलभराव वाले स्थानों का मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत एवं व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने भ्रमण के दौरान जिन-जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण जलभराव मिला, वहां स्वयं मौके पर खड़े होकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा जहां आवश्यक हो वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सड़कों पर गिरे पेड़ों को लेकर भी डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने वन विभाग एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर गिरे हुए पेड़ों को शीघ्र हटवाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि बारिश के कारण कहीं भी आवागमन बाधित न होने पाए और पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करें।

*डॉन बॉस्को स्कूल के सामने टूटा क्लैंप, डीएम ने लिया संज्ञान*
निरीक्षण के दौरान डॉन बॉस्को स्कूल के सामने विद्युत पोल पर क्लैंप टूटे होने की स्थिति का डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए क्लैंप को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने तथा बारिश के दौरान विद्युत संबंधी किसी भी संभावित जोखिम को देखते हुए जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*बारिश में सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम*
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जलभराव, गिरे पेड़ों अथवा अन्य किसी कारण से मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारु कराया जाए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed