(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर-खीरी, 17 सितंबर। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को जनपद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेवा और समर्पण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय ओयल सहित अन्य स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए गए। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को फल वितरित कर उनके एवं नवजात शिशुओं के स्वस्थ जीवन की कामना की गई। रक्तदान शिविर में जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसी के साथ जिले के सभी सीएचसी पर जनप्रतिनिधियों ने मरीज और उनके तिमारदारो को फल वितरण किया।

सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता के नेतृत्व एवं स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर-खीरी के समन्वय से मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय ओयल में कार्यक्रम आयोजित हुआ। भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीरज वर्मा, सदर विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, महामंत्री आशु मिश्रा तथा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकास शुक्ला ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

जनप्रतिनिधियों ने सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, नोडल अधिकारी (आरसीएच) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं को फल वितरित किए। इस दौरान माताओं एवं नवजात शिशुओं के स्वस्थ जीवन की कामना की गई तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

*रक्तदान कर युवाओं ने दिया सेवा का संदेश*
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में सदर विधायक योगेश वर्मा, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विकास शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार रक्त संग्रह की व्यवस्था सुनिश्चित की। जनप्रतिनिधियों और युवाओं की सहभागिता ने रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
=======
*‘जरूरतमंद के काम आए रक्त की एक बूंद भी अमूल्य : विधायक*
विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया गया है। बड़ी संख्या में युवाओं एवं आमजन की सहभागिता इस बात का संदेश देती है कि जरूरतमंद की सहायता के लिए समाज मिलकर आगे आ सकता है।

*एसएसबी जवानों ने भी लिया रक्तदान में हिस्सा*
इधर, सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) मजरा फार्म में भी विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा एवं डॉ. प्रमोद रावत ने एसएसबी कमांडेंट के साथ शिविर का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदान कर रहे एसएसबी जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के महत्व की जानकारी दी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed