(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर-खीरी, 17 सितंबर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री के ‘विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026’ कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पीडी सतीश कुमार पांडे ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीरज वर्मा, विधायक योगेश वर्मा, विधायक मंजू त्यागी और जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने डीएम अंजनी कुमार सिंह व सीडीओ योगानंद पाण्डेय के साथ किया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 502 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के 15 लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए। कन्या विवाह योजना के तीन लाभार्थियों को 65-65 हजार तथा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के लाभार्थियों को 56-56 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

*पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ लें श्रमिक : नीरज वर्मा*
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीरज वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के अनुरूप सरकार समाज के सभी वर्गों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक तभी प्रभावी ढंग से पहुंचेगा, जब श्रमिक स्वयं जागरूक होंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर योजनाओं की जानकारी लेने और समय से आवेदन करने का आह्वान किया। उन्होंने पीएम के जन्मदिवस पर घर-घर दीप जलाने की भी अपील की।

*अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : मंजू त्यागी*
विधायक मंजू त्यागी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जागरूकता के अभाव में कोई पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर घर-घर दीप जलाने की अपील की।

*योजनाओं की जानकारी देने को चले जागरूकता अभियान : अरविंद गुप्ता*
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई गरीब पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए श्रम विभाग को ब्लॉक और नगरपालिका स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने लाभार्थियों से प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना के लिए घर पर दीप जलाने की अपील की।

*बजट की कमी नहीं, योजनाओं का लाभ लेने को जागरूक हों श्रमिक : योगेश वर्मा*
विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है। श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार समय से आवेदन करना चाहिए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed