(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां लखीमपुर खीरी, 09 सितंबर। बाढ़ के पानी से घिरे रूरा सुलतानपुर के ग्रामीणों के बीच बुधवार को गोला विधायक अमन गिरी पहुंचे, उन्होंने एसडीएम युगांतर त्रिपाठी के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार सहित राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक अमन गिरी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि आपदा के समय जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और आवश्यक सामग्री समय से पहुंचे। प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
‘राहत किट नहीं, मुश्किल वक्त में परिवार का सहारा’
वितरित राहत किट में केवल खाद्यान्न ही नहीं, बल्कि परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। प्रत्येक लाभार्थी को 10 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम चावल, दो किलोग्राम अरहर दाल, 10 किलोग्राम आलू, एक लीटर सरसों का तेल/रिफाइंड और एक किलोग्राम नमक दिया गया। इसके अलावा किट में 2.5 किलोग्राम लाई, दो किलोग्राम गैर-भुना चना, दो किलोग्राम भुना चना, एक किलोग्राम चीनी और 10 पैकेट बिस्कुट शामिल हैं। आपदा की परिस्थितियों को देखते हुए माचिस, मोमबत्ती और नहाने के साबुन भी उपलब्ध कराए गए।
*महिलाओं की जरूरत का भी रखा गया ध्यान*
राहत किट में महिलाओं और परिवारों की व्यक्तिगत जरूरतों को भी प्राथमिकता दी गई है। इसमें 20 सैनिटरी पैड, कपड़े धोने के दो साबुन, एक तौलिया, एक मीटर सूती कपड़ा, 20 डिस्पोजेबल बैग, एक मग तथा 100 मिलीलीटर डेटाल/सेवलॉन दिया गया है। बाढ़ के दौरान घरेलू उपयोग के लिए 18 लीटर की ढक्कनदार बाल्टी तथा बारिश और अस्थायी आश्रय की जरूरत को देखते हुए 12×10 वर्गफुट का 110 GSM से कम मोटाई का त्रिपाल भी राहत सामग्री में शामिल है।
*हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद : विधायक*
विधायक अमन गिरी ने ग्रामीणों से कहा कि राहत वितरण का उद्देश्य केवल तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आवश्यक सहारा देना है। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी, वहां राहत सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed