(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 14 अगस्त। शाम ढली तो शहर पर देशभक्ति का रंग चढ़ गया। मंच सजा, रोशनी जली और जैसे ही देशभक्ति के सुर गूंजे, माहौल में जुनून भर गया। किसी के हाथ में तिरंगा था तो किसी के मोबाइल में उस पल को कैद करने की होड़। मौका था ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से आयोजित ‘एक शाम देश के नाम’ राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक संध्या का। लखनऊ के पराक्रम बैंड से लेकर स्थानीय कलाकारों तक ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, डीएम अंजनी कुमार सिंह एवं सीडीओ अभिषेक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप की लौ के साथ शुरू हुई शाम धीरे-धीरे सुरों की ऐसी महफिल में बदल गई, जिसमें हर प्रस्तुति के साथ भारत माता के जयकारे और तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी राममोहन गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का उत्सव है।

*पराक्रम के सुरों ने बांधा समां*

राजधानी लखनऊ के सुप्रसिद्ध पराक्रम बैंड ने मंच संभाला तो माहौल पूरी तरह बदल गया। देशभक्ति के गीतों की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को अपनी जगह से उठने पर मजबूर कर दिया। कलाकार गा रहे थे और सामने मौजूद नगरवासी भी सुर में सुर मिलाकर देशभक्ति के तराने गा रहे थे। पूरा परिसर मानो एक साथ धड़कते दिल की आवाज बन गया।

*स्थानीय हुनर ने भी लूटी महफिल*

मंच पर लखीमपुर की प्रतिभाओं ने भी अपनी चमक बिखेरी। राजेश दीक्षित, सुनील यादव, निधि गौतम, राज सिंह, सुयश गुप्ता, कलेक्ट्रेट कर्मी कुशाग्र कौशर, विशाल सेठ और स्वर संगम संगीत विद्यापीठ के छात्र योनित पुरी ने देशभक्ति गीतों से माहौल को भावनाओं से भर दिया। हर प्रस्तुति के बाद तालियों की गूंज कलाकारों का उत्साह बढ़ाती रही।
*नन्हीं प्रतिभाओं ने मंच से सुनाई राष्ट्रप्रेम की कहानी*
आर्यकन्या इंटर कॉलेज और गुरु नानक विद्यक सभा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति आधारित नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। अभिनय के जरिए देशप्रेम, त्याग और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का संदेश दिया गया तो दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का हौसला बढ़ाया।

*आसमान में आतिशबाजी, दिलों में तिरंगा*

कार्यक्रम का सबसे रोमांचक पल शानदार आतिशबाजी रही। जैसे ही आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया, लोगों की निगाहें ऊपर टिक गईं। आतिशबाजी की चमक के बीच आजादी के पर्व का उल्लास और गहरा हो गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस नजारे को अपने कैमरे में कैद करता नजर आया।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed