(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 10 अगस्त। सावन के दूसरे सोमवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा नगर भगवा रंग और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से शिवमय हो उठा। भोर की पहली किरण के साथ कांवड़ियों की टोलियां मंदिर की ओर बढ़ीं तो सड़कें आस्था के कारवां में तब्दील हो गईं। इसी बीच शिवम तिराहे पर प्रशासन ने शिवभक्तों का अनूठे अंदाज में स्वागत किया। डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मंच से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

*पुष्पवर्षा से गदगद हुए शिवभक्त*

शिवम तिराहे पर बने मंच से जैसे ही डीएम और एसपी ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए, बोल बम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। शिवभक्तों ने तालियों और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से प्रशासन के इस स्वागत का उत्साह से जवाब दिया। नगर पालिका परिषद गोला अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ और एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी पुष्पवर्षा में सहभागिता की। श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का यह संगम राह से गुजर रहे हर कांवड़िये के चेहरे पर खुशी छोड़ गया।
*व्यवस्था देखने निकले अफसर, पैदल नापा कांवड़ मार्ग*
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह कांवड़ मार्ग पर पैदल निकले। उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, जल सेवा, चिकित्सा व्यवस्था, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में भी व्यवस्थाएं निर्बाध बनी रहें और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

*24 घंटे अलर्ट मोड में प्रशासन*

दूसरे सोमवार को उमड़े भारी जनसैलाब के बीच प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा की लगातार मॉनिटरिंग की गई। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा प्रशासन का कर्तव्य है। गोला में सुरक्षा और सुविधा की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं तथा लगातार निगरानी की जा रही है। प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त अपनी यात्रा शांतिपूर्वक, सुरक्षित और सुखद ढंग से पूरी करे। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *