पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 16 जुलाई। जनपद में बेहतर सड़क संपर्क और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चल रहे विकास कार्यों की निगरानी लगातार की जा रही है। इसी क्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने नगर पालिका परिषद लखीमपुर के मोहल्ला कंचनपुरी में नहर पटरी से उमेश कुमार के मकान होते हुए गोला मार्ग तक निर्माणाधीन सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
यह सीसी सड़क लगभग 430 मीटर लंबी एवं 4 मीटर चौड़ी निर्मित की जा रही है। निरीक्षण के समय सड़क निर्माण के लिए नहर की ओर बॉक्सिंग का कार्य प्रगति पर था। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी, अवर अभियंता से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, बॉक्सिंग की मजबूती, सड़क निर्माण के संबंध में जरूरी निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए। कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा घटिया सामग्री का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए तथा तकनीकी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न होने पाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि नगरवासियों को शीघ्र बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करने और किसी भी कमी को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।