(ओमप्रकाश ‘सुमन’ )

पलिया कलां। शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद, पलिया कलां द्वारा पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी विजय बहादुर यादव के नेतृत्व में वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत नगर के मालगोदाम रोड, एमआरएफ सेंटर, महिला थाना एवं राजकीय महाविद्यालय, पलिया परिसर में पौधरोपण किया गया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
अधिशासी अधिकारी विजय बहादुर यादव ने बताया कि शासन द्वारा नगर पालिका परिषद, पलिया कलां को इस वर्ष 13,171 पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए नगर के 11 स्थानों का चयन किया गया है, जहाँ चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल पौधरोपण तक सीमित न रखते हुए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों, विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। पालिका ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *