(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 30 जून। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा जनपद में 02, 03 एवं 04 जुलाई को आयोजित होने वाली उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में अटल सभागार में बैठक हुई। बैठक में सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों व संबंधित विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का संचालन एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह और डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने किया।
डीएम ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है। इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि जनपद में 15 परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 29,927 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, यातायात, पेयजल, अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी कार्मिक लगन, मेहनत, ईमानदारी, जिम्मेदारी से अपनेदायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन, व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएंगे।
आयोग से नामित पर्यवेक्षक सेवानिवृत्त आईएएस राम केवल ने कहा कि परीक्षा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुचिता के साथ कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य पुस्तिका का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों को भली-भांति समझने और परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की त्रुटि न होने देने के निर्देश दिए।
एडीएम (न्यायिक) ब्रजपाल सिंह ने बताया कि 02 व 03 जुलाई को परीक्षा दो-दो पालियों में तथा 04 जुलाई को केवल प्रथम पाली में होगी। प्रथम पाली 9:30 से 12:00 बजे और द्वितीय पाली 2:30 से 5:00 बजे तक चलेगी। 2 जुलाई को दोनों पालियों में 6,191-6,191, 3 जुलाई को 6,192-6,192 तथा 4 जुलाई को 5,161 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार तीन दिनों की पांच पालियों में कुल 29,927 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एएसपी पवन गौतम ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या परीक्षा में व्यवधान डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *