

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 18 जून। आगामी मोहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण एवं परंपरागत ढंग से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने की। इसमें डीएम-एसपी ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत लोगों के साथ बातचीत कर सभी को आपसी भाईचारा, सौहार्द व शांति व्यवस्था के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
डीएम ने कहा कि मोहर्रम गम और मातम का पर्व है, जिसे गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा तथा ताजियों की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व घटनाओं से सबक लेते हुए सभी को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि प्रशासन और पुलिस लगातार सभी समुदायों के संपर्क में हैं तथा त्योहार के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई के निर्देश देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रांतजनों से प्राप्त सुझावों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, वहीं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में आमजन की भूमिका भी अहम है। उन्होंने लोगों से धैर्य, संयम और आपसी भाईचारे के साथ गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, अन्यथा माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने आश्वस्त किया कि सम्भ्रान्तजनों व धर्म गुरूओं की ओर से साफ-सफाई, बिजली, पानी इत्यादि के सम्बन्ध में जो महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं, उसका समय से निराकरण कराया जायेगा। डीएम ने ईओ व डीपीआरओ को निर्देश दिया कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित साफ-सफाई विशेषकर धार्मिक स्थलों के आस-पास पर्याप्त साफ-सफाई करा दें।
बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने भी बैठक को संबोधित किया। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, अधीक्षण अधीक्षण राजीव कुमार यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ धनीराम, डीपीआरओ विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरु मौजूद रहे।
