(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 14 जून । केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को जिलेभर में विकास खंड स्तर पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का भव्य आयोजन किया गया। जिले के सभी 15 विकास खंड मुख्यालयों पर आयोजित इन तीन दिवसीय शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

विकास खंड सदर परिसर में आयोजित मेले का उद्घाटन विधायक योगेश वर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य सेवाएं, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, आवास, महिला कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाया।

नकहा ब्लॉक में एमएलसी अनूप गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्त ने ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता के साथ मेले का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलके साथ ही स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, टीबी स्क्रीनिंग, बीपी-शुगर जांच एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जबकि निघासन में पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’ तथा धौरहरा में विधायक प्रतिनिधि गोपाल शंकर अवस्थी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सुदीप निगम ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। सभी स्थानों पर विभागीय स्टॉलों पर लाभार्थियों की भीड़ देखी गई।

इसी क्रम में फूलबेहड़ में विधायक मंजू त्यागी, मोहम्मदी में विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, बांकेगंज में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश अर्कवंशी, पसगवां में पूर्व सांसद रेखा अरुण वर्मा, बेहजम में पूर्व राज्यसभा सांसद जुगुल किशोर एवं मितौली में विधायक सौरभ सिंह (सोनू) ने शिविरों का शुभारंभ कर योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को अधिकाधिक पात्रों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन किया गया। कई स्थानों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए गए, जिनमें लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

जिलेभर में एक साथ 15 विकास खंडों में आयोजित इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण स्तर पर जनसुविधाओं को और अधिक सुलभ बनाना रहा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed