(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 10 जून। आगामी योग सप्ताह (15 जून से 21 जून) एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में योग सप्ताह के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए डीएम ने संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बैठक का संचालन किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया जाए तथा आमजन को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि यह आयोजन सम्पूर्ण जिले में वृहद स्तर पर मनाया जाना है। जिसकी तैयारी अभी से शुरू कर दें और सहयोगी संस्थाओं द्वारा भी इसमें विशेष भागीदारी कराएं। 15 जून को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ के नीलकंठ मैदान में योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाए। साथ ही पार्कों में,जिले के अमृत सरोवर, ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल, सभी सरकारी एवं निजी संस्थानों में वाई ब्रेक, कार्यशाला कर और अपनी फोटोज आयुष कवच ऐप पर अपलोड करते हुए सूचना देते रहें।
बैठक में बताया गया कि 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह मनाया जाएगा तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुमंत कुमार तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ.शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में योग प्रशिक्षकों के माध्यम से योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग्स आदि की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य आयोजन आगामी 21 जून को जिला मुख्यालय पर मंडी समिति राजापुर के चबूतरा नंबर 05 पर वृहद स्तर पर किया जाएगा। बैठक के दौरान अटल सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं संस्थागत सदस्यों को वाई-ब्रेक योग का अभ्यास भी कराया गया।
