पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 19 मई। जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम, एआरटीओ शांति भूषण पांडे, लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने सड़क मार्गों पर नियमित दूरी पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाए जाने, सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर एवं अन्य संकेतक (रिपीटेड बार) स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम ने एआरटीओ और पुलिस को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग तथा बिना हेलमेट वाहन संचालन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर बढ़ते हादसों को देखते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मंत्रालय से अनुमति लेकर स्पीड मॉनिटरिंग कैमरे लगाए जाने की कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और नियंत्रित बनाया जाए।
बैठक में तय किया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित समीक्षा की जाएगी तथा सभी विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। सड़क सुरक्षा को लेकर अब किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।