पलिया कलां (खीरी) नगर पालिका परिषद पलिया कलां (खीरी) द्वारा नगर क्षेत्र के समस्त विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इण्टरमीडियट सत्र 2025-26 की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में दिनांक 18 मई 2026 को अग्रसेन पार्क, पलिया में भव्य “मेधावी छात्र-छात्रा अलंकरण समारोह” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने नगर के विभिन्न बोर्डों के विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में दून इण्टरनेशनल स्कूल, सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इण्टर कॉलेज, सेन्ट ऐन कॉलेज, इण्डियन एकेडमी, बल्देव वैदिक इण्टर कॉलेज, गुरुकुल एकेडमी, रामलीला बालिका इण्टर कॉलेज, पलिया मॉन्टेसरी स्कूल एवं गोल्डन फ्लावर स्कूल के छात्र-छात्राओं को सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष के पुत्र इंजीनियर वरूण गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उन्नति की पहली सीढ़ी है तथा निरंतर परिश्रम और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं ने भी अपने परीक्षा अनुभव साझा करते हुए सफलता के सूत्र बताए। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे।
पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी देवी गुप्ता ने कहा कि नगर की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन की थीम “जीरो वेस्ट इवेन्ट” के अंतर्गत सम्पन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए कचरे के समुचित निस्तारण की व्यवस्था की गई, ताकि कोई भी अपशिष्ट सड़क अथवा नालियों तक न पहुंचे। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि भविष्य में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों को भी “जीरो वेस्ट इवेन्ट” मॉडल पर आयोजित किया जाए।
समारोह में पालिका सभासद सावित्री देवी, पूर्व सांसद प्रतिनिधि दीपक तलवार, विनय गर्ग, कुमुद महेन्द्रा, विजय महेन्द्रा, देवेन्द्र अरोड़ा, अनिल गुप्ता, मोतीलाल गुप्ता, पालिका लिपिक विजेन्द्र कुमार, लिपिक ज्योति मिश्रा सहित पालिका स्टाफ, विद्यालयों के अध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन अंकुर सिंह द्वारा किया गया।