(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 01 मई। जिलेभर में उत्साह, उल्लास और उमंग के बीच शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस “श्रमवीर गौरव समारोह” के रूप में धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य और श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बलरामपुर चीनी मिल लिमिटेड यूनिट-कुंभी के किसान भवन सभागार में श्रमिकों के आरोग्य हेल्थ चेकअप शिविर, हितलाभ वितरण कार्यक्रम एवं संगोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी गई। कार्यक्रम का सफल संयोजन सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त मयंक सिंह ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अमन गिरी, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, एएलसी मयंक सिंह, यूनिट हेड सुनील कुमार यादव और पीएलए प्रोजेक्ट हेड ललित जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

श्रम दिवस पर विधायक अमन गिरी ने श्रमिकों को नमन करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही प्रदेश और देश तरक्की की राह पर हैं। उन्होंने कहा कि सीएम के नेतृत्व में खीरी तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है।
चीनी मिल के साथ PLA प्लांट व इंडस्ट्रियल पार्क से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनेंगे, वहीं छोटी काशी कॉरिडोर से आस्था और विकास को नई पहचान मिलेगी। विधायक ने काश्तकारों और श्रमिकों के योगदान को सराहा। उन्होंने श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं भी दी।

*श्रमवीरों के पसीने से खड़ा विकास का ढांचा : डीएम*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने श्रमिकों को नमन करते हुए कहा कि आज कृषि और उद्योग की जो ऊंचाई है,उसकी नींव श्रमिकों के पसीने से ही पड़ी है। देश, प्रदेश और जनपद की समृद्धि में किसान और श्रमिक सबसे बड़ी ताकत हैं। डीएम ने कहा कि मा.मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रमिकों व किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालयों को श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा की बड़ी पहल बताया। आज की हर सुविधा के पीछे श्रमवीरों की मेहनत की खुशबू है और सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ हर श्रमिक तक पहुंचे।

सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने कहा कि श्रमिक हमारे विकास की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा। आज का आरोग्य मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा लक्ष्य है कि हर श्रमिक तक स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से पहुंचे।

यूनिट हेड ने आभार जताते हुए कहा कि श्रमिकों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम शिविर में पहुंची है, जिसका लाभ सभी को लेना चाहिए। कुंभी में चीनी से बायोप्लास्टिक बनेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुंभी में 200 एकड़ में बायोप्लास्टिक प्लांट लगेगा, जो दुनिया का पहला इंटीग्रेटेड प्लांट होगा। इससे क्षेत्र औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित होगा और PLA प्लांट की नई पहचान बनेगी।

*विधायक, डीएम ने श्रमिक हितलाभ योजनाओं के तहत आश्रितों व लाभार्थियों को वितरित की आर्थिक सहायता*
विधायक अमन गिरी और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के अंतर्गत 11 आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की एफडी प्रदान की। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी को 25-25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की गई। इसके अलावा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये की चेक वितरित की गई।

*श्रमिक आरोग्य मेले में उमड़ी भीड़, विशेषज्ञों ने दी नि:शुल्क जांच व दवाएं*
श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित श्रमिक आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। मेले का संचालन डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद कुमार और एमओआईसी डॉ. गणेश के नेतृत्व में किया गया। मेला पर्यवेक्षक डॉ. अजय वर्मा की देखरेख में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी, फिजिशियन डॉ. प्रियम श्रीवास्तव सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी जांच, नेत्र परीक्षण के साथ ही लैब की सभी आवश्यक जांचें की गईं।

इसके अलावा टीकाकरण सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मेले में आए मरीजों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण कर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। कुंभी चीनी मिल के साथ-साथ खंभारखेड़ा शुगर मिल और विम्बा इंडस्ट्रीज में भी श्रमिक आरोग्य मेले का आयोजन किया। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *