(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी, 29 मई। महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अटल सभागार में एक दिवसीय गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल एवं सीडीओ अभिषेक कुमार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। गोष्ठी में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज की प्रगति की सबसे बड़ी कुंजी है। सरकार की कल्याणकारी योजनाएं न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं, बल्कि उनके सामाजिक सम्मान को भी बढ़ावा दे रही हैं। जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो पूरा परिवार और समाज नई दिशा प्राप्त करता है। उन्होंने सभी महिलाओं को उत्साह और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को पाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों की प्रेरणादायक कहानियां सुनकर उनकी दिल से सराहना की।

*सपनों को हकीकत में बदल रहीं गांव की बेटियां : सुनील सिंह*
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के जरिए गांव की महिलाएं अपने सपनों को हकीकत में बदल रही हैं। जब एक महिला सशक्त होती है, तो पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।” जिलाध्यक्ष ने महिलाओं को मेहनत जारी रखने और नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों को जल्द ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शहर में आकांक्षा स्टोर की स्थापना की गई है। जिला प्रशासन समूहों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग सुधार कर उनकी बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का प्रयास करेगा। सीडीओ ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने उत्पाद आकांक्षा समूह को भेजें, जिससे वे न केवल आर्थिक रूप से, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी सशक्त बन सकें।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वयं सहायता समूह की दीदी लता भारती द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से हुई, जिसकी मधुर प्रस्तुति ने सभागार को भक्ति और ऊर्जा के वातावरण से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में पीडी एसएन चौरसिया, डीसी मनरेगा सुशांत सिंह और डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए जागरूक किया।

*पीएम आवास की लाभार्थी महिलाओं को मिली प्रतीकात्मक चाबी, स्वयं सहायता समूह की दीदियां सम्मानित*
अटल सभागार में महिलाओं के सशक्तिकरण विषयक गोष्ठी कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थी साबरून, शन्नो, साकिया, आसमून और हाजरून को आवास की प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान की। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें ब्लॉक लखीमपुर की सारिका देवी, खुशबू वर्मा, चित्र देवी और लक्ष्मी देवी, ब्लॉक नकहा से सावित्री देवी व लक्ष्मी शुक्ला तथा ब्लॉक बेहजम से फरजाना बानो और उषा देवी शामिल रहीं।

*दीदियों की कहानी, उनकी ज़ुबानी….*
महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकीं लखीमपुर ब्लॉक की रिंकी देवी पाल आस्था प्रेरणा लघु उद्योग की अध्यक्ष हैं और 20 महिलाओं के साथ दो शिफ्टों में THR प्लांट का संचालन कर रही हैं, जहाँ बच्चों के लिए पोषाहार तैयार होता है। वहीं, नकहा ब्लॉक की सावित्री देवी ठाकुर, ठाकुर जी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की सचिव हैं, जो ग्राम पनगी खुर्द में 15 महिलाओं के साथ मसाला उत्पादन का कार्य कर रही हैं। उनके बनाए मसाले आज आकांक्षा स्टोर सहित शहर के अन्य हिस्सों में सप्लाई हो रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed