

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- खीरी लखीमपुर 07 मार्च। खीरी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को पूरे जिले में उत्साह, उल्लास, उमंग के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार को महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में उत्कृष्ट कार्यों से अपने क्षेत्र में, अपने कार्यों द्वारा अलग पहचान बनाने वाली महिलाओं, बेहतर कामकाज वाली महिला कार्मिकों का कलेक्ट्रेट में सम्मान समारोह हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, नपाप अध्यक्ष केबी गुप्ता, कीर्ति महेश्वरी, जिला मंत्री (भाजपा) उमेश शुक्ला, जिला संयोजक (शिक्षा संस्थान प्रकोष्ठ, भाजपा) कमलेश शुक्ला ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सीएमएस, जिला महिला चिकित्सालय डॉ ज्योति मेहरोत्रा सहित जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी एकता श्रीवास्तव, ग्राम सचिव अनामिका तिवारी, शालिनी शर्मा, राधिका सिंह, रामपति वर्मा, प्रभारी महिला थाना सुनीता कुशवाहा, महिला आरक्षी सुमन गौड, डीएसओ ऑफिस से लक्ष्मी गुप्ता, इन्दू कुमारी, एथलेटिक्स खिलाड़ी मोहिनी कश्यप, प्रतिष्ठा यादव, अम्बिका, प्रिया जायसवाल सहित जिले की बाल विकास परियोजना कार्यालय शहर, फूलबेहड़ एवं नकहा के तहत 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने महिलाओं से आह्वान किया कि दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ आगे बढ़ें। यह पूरी सदी महिलाओं की सफलता की गवाह है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है साथ ही अभी भी बहुत कुछ करने की ज़रूरत है। डीएम ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष मैलानी कीर्ति महेश्वरी ने कहा कि समाज में जब भी महिलाओं की बात की जाती है तो उसका तात्पर्य यह होता है पूरे संसार की आधी आबादी की बात हो रही है। ऐसे में महिलाओं की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह स्वयं भी आगे बढ़े और दूसरों को भी समाज में तरक्की करने की प्रेरणा दें।
नगर पालिका पलिया अध्यक्ष केबी गुप्ता ने महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की अग्रिम बधाई दी। आज समाज के सभी क्षेत्रों में महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। कुछ वर्ष पहले कुछ ऐसे क्षेत्र जहां पर पुरूषों का एकाधिकार था आज वहां पर पुरूषों को महिलाओं से प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है जो महिला सशक्तिकरण की मिसाल है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि एक समूह के रूप में आगे बढ़ें इससे उन्हें सुरक्षा के एहसास के साथ आगे बढ़ने में आसानी होगी।
सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं में जागरूकता आयेगी। महिलाओं का आह्वान किया शिक्षा को माध्यम बनाकर आगे बढ़े। महिलाओं के शैक्षिक, आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए किये जा रहे विश्वव्यापी प्रयासों का परिणाम है कि आज समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं काफी आगे आयी हैं और कई क्षेत्रों में समाज का प्रतिनिधित्व भी कर रहीं हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में डीपीओ संजय निगम में कार्यक्रम की आवश्यकता व प्रासंगिकता बताइ। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद, सभी विभागों की महिला कार्मिक मौजूद रही।