



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 08 सितंबर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के तत्वावधान में H1N1 एवं इन्फ्लुएंजा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आमजन को संक्रमण से बचाव, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श के प्रति सजग करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डीएम अंजनी कुमार सिंह ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ वाणी गुप्ता, सीएमएस डॉ आरके कोली और आईएमए पदाधिकारियो डॉ. अखिलेश वर्मा, डॉ. मनोज शर्मा डॉ. पवन वर्मा के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए जन-जन का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। स्वाइन फ्ल्यू जैसी बीमारियों को रोकने के लिए यदि प्रत्येक नागरिक सतर्क और जागरूक हो जाए, तो स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का काम बहुत आसान हो जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और जमीनी स्तर पर काम कर रहे अन्य विभागीय कर्मियों को जागरूक व संवेदनशील बनाने की आवश्यकता है, जिससे गांव-गांव तक सही जानकारी पहुंच सके।
कार्यक्रम में मौजूद नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञान ही सबसे बड़ी शक्ति है। आज अर्जित किया गया यह अनुभव उनके आने वाले करियर में बेहद लाभप्रद सिद्ध होगा। डीएम ने आईएमए की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था हमेशा सामाजिक सरोकारों और जन-स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर बढ़-चढ़कर कार्य करती रही है।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल में फीवर ओपीडी संचालित है, जहां पिछले एक सप्ताह में एक हजार से अधिक मरीज पहुंचे। प्रतिदिन 20 से 40 मरीज बुखार के आ रहे हैं, जो उपचार के बाद तीन-चार दिन में स्वस्थ हो रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त दवाएं, जांच और चिकित्सकीय टीम उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने और सावधानी बरतने की अपील की। कार्यक्रम की शुरुआत में आईएमए सचिव डॉ मनोज शर्मा ने कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताईं।
*वरिष्ठ चिकित्सकों ने साझा किए अनुभव*
कार्यशाला में जनपद के वरिष्ठ चिकित्सकों ने पैनलिस्ट के रूप में स्वाइन फ्ल्यू की रोकथाम, उपचार और जरूरी सावधानियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. आरसी पांडे, डॉ. संजीव भल्ला, डॉ. एनके वर्मा, डॉ. कमलेन्द्र वर्मा, डॉ. पीसी मिश्रा, डॉ. शिप्रा मिश्रा, डॉ. अंशुल गुप्ता, डॉ. एसपी वर्मा, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. एसके मिश्रा और डॉ. जयराम सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रभाकर श्रीवास्तव ने किया।
*इनकी रही मौजूदगी*: कार्यक्रम में आईएमए लखीमपुर खीरी के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश वर्मा, संरक्षक अखिलेश खरे, सचिव डॉ. मनोज शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. पवन वर्मा, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वाणी गुप्ता, विभिन्न विभागों के सम्मानित चिकित्सक तथा नर्सिंग इंस्टीट्यूट से आए प्रशिक्षणार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
