(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 20 अगस्त। देर शाम कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेहजम में उस समय हलचल बढ़ गई, जब सीडीओ अभिषेक कुमार अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे सीडीओ ने मौके पर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। छात्राओं के बीच बैठकर उनसे पढ़ाई, भोजन और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में सीधे फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान एक शिक्षिका के कई महीनों से विद्यालय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने पर हुई इस कार्रवाई से विद्यालय में जिम्मेदारी और अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया।

सीडीओ ने छात्राओं से एक-एक कर बातचीत की और कक्षा में उनके अधिगम स्तर को भी परखा। उन्होंने पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे, जवाब सुने और छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और विषय की समझ के साथ आगे बढ़ने से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, समय पर भोजन मिलने, साफ-सफाई तथा विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। छात्राओं ने बेझिझक अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखे। सीडीओ ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासीय विद्यालय में रह रही छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, भोजन और सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed