


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 24 जुलाई। श्रावण माह में प्राचीन लिलौटीनाथ शिव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग और घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्माणाधीन सड़क अधूरी मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए दो दिन के भीतर कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया और समयसीमा का पालन न होने पर पेनल्टी व कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था के लिए नियमित टीम तैनात करने, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, घाट की साफ-सफाई कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रावण मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण मिले। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग केके झा, बीडीओ सुमित कुमार सिंह सहित मंदिर प्रबंधन की पदाधिकारी मौजूद रहे।
