(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 24 जुलाई। खरीफ सीजन में खेती को ज्यादा लाभकारी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने किसानों को आधुनिक खेती का ‘गुर’ सिखाया। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने किसानों से परंपरागत खेती के साथ ऑर्गेनिक खेती, नई तकनीकों और एफपीओ मॉडल अपनाने का आह्वान किया।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने ऑर्गेनिक खेती सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का मजबूत जरिया भी है। सरकार और प्रशासन किसानों को जागरूक करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण, प्रमाणन प्रक्रिया और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने एफपीओ की अहमियत बताते हुए कहा कि इसमें किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बिक्री करते हैं, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलता है। एफपीओ के माध्यम से किसानों को वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को और लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने गोष्ठी में उपस्थित कृषकों से धान की पौध रोपड़ विधि के साथ ही DSR विधि से धान की फसल उगाने व साथ पशुपालन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

डिप्टी सीवीओ डॉ. हनी सक्सेना ने किसानों को मिनी नंदनी कृषक समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत किसान 50 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ ले सकते हैं। किसान 31 जुलाई तक जनसेवा केंद्र या मोबाइल के माध्यम से बुकिंग कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।

*वैज्ञानिकों ने बताए पैदावार बढ़ाने के गुर*
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र मंझरा एवं जमुनाबाद के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने खरीफ फसलों के लिए उन्नत बीज, उर्वरक प्रबंधन, कीट नियंत्रण और डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी दी। किसानों को फसल बीमा योजना, भूमि संरक्षण, मत्स्य पालन और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि खरीफ उत्पादकता गोष्ठी किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में किसानों से सहयोग की अपील की। गोष्ठी में भूमि संरक्षण, फसल बीमा और मत्स्य पालन विभाग ने किसानों को अपनी योजनाओं की जानकारी दी। फसल बीमा योजना को खेती में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बताते हुए धान, मूंगफली, तिल, उड़द और मूंग जैसी खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील की गई।

*कृषि योजनाओं का लाभ उठाएं किसान : डीडी कृषि गिरीश चंद्र*
डीडी कृषि गिरीश चंद्र ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रमुख विभागीय योजनाओं में फसल बीज, उन्नत खेती तकनीक, फसल सुरक्षा योजना, जल संरक्षण, उपकरण अनुदान और कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कृषकों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड एवं लाभ की जानकारी भी प्रदान की। यह भी अवगत कराया कि इस समय कृषि यंत्रों की बुकिंग चल रही है, कृषक भाई किसी भी जनसेवा केंद्र या स्वयं के मोबाइल से पोर्टल पर बुकिंग कर सकते है। डीडी कृषि ने उपस्थित कृषकों व अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुये अध्यक्ष की अनुमति से गोष्ठी समापन की घोषणा की गई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed