

ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 20 नवंबर। मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं को केवल जागरूक मतदाता ही नहीं, बल्कि मतदाता जागरूकता अभियान का नेतृत्वकर्ता भी बनना होगा। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने शुक्रवार को गुरुनानक इंटर कॉलेज के सभागार में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए यह संदेश दिया।
डीएम ने गुरुनानक इंटर कॉलेज एवं गुरुनानक विधिक सभा बालिका इंटर कॉलेज के इंटरमीडिएट विद्यार्थियों के साथ लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के अधिकार पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतंत्र की परिभाषा और उसकी कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे। छात्रों ने भी पूरे उत्साह से जवाब दिए। डीएम ने कहा कि जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा संचालित शासन ही लोकतंत्र है। इसकी असली ताकत प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी में है।
*खुद बनें मतदाता, दूसरों को भी जोड़ें*
डीएम ने निर्देश दिए कि वर्ष 2008 या उससे पहले जन्मे पात्र विद्यार्थी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। वहीं, 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी भी इस अभियान में अपनी भूमिका निभाएं और परिवार, आस-पड़ोस तथा परिचितों में पात्र लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
*सबसे ज्यादा फॉर्म भरवाने वाले विद्यार्थी को मिलेगा सम्मान*
युवाओं में जागरूकता और सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए डीएम ने विशेष घोषणा की। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक पात्र लोगों के फॉर्म-6 भरवाने में योगदान देने वाले विद्यार्थी को उनकी ओर से पुरस्कृत किया जाएगा और प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
डीएम ने ईपीआईसी यानी मतदाता फोटो पहचान पत्र की उपयोगिता समझाते हुए इसे जीवनभर काम आने वाला महत्वपूर्ण पहचान पत्र बताया। साथ ही विद्यार्थियों को बिना संकोच सवाल पूछने, अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
इनसेट…
*परीक्षा के दबाव को किनारे रखकर विवेक व अभ्यास से पढ़ें: डीएम*
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से दूर रहकर विवेक, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। कहा कि परीक्षा का दबाव महसूस करना स्वाभाविक है, लेकिन इसे खुद पर हावी न होने दें। सामान्यतः व्यक्ति 45 मिनट से एक घंटे तक एकाग्र होकर पढ़ सकता है, इसलिए बीच में 15 से 20 मिनट का ब्रेक लेकर पढ़ी हुई सामग्री का दोहराव या रुचि का कार्य करना चाहिए। उन्होंने रटने के बजाय विषय की मूल अवधारणा और समझ विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी ‘क्यों, कैसे और कहां’ जैसे सवालों के जवाब तलाशें तथा निरंतर अभ्यास करें। कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान, विवेक और सकारात्मक गुणों के साथ एक बेहतर इंसान बनना भी है।
