

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से विधानसभा कस्ता के अंतर्गत राजा लोने सिंह इंटर कॉलेज, मितौली में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 553 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से विभिन्न नियोजक कंपनियों ने 324 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए चयनित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जुगल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि ब्रजेश सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जुगल किशोर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
विशिष्ट अतिथि ब्रजेश सिंह ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए युवाओं से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और अपने कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक शुक्ला ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने रोजगार मेले के उद्देश्यों तथा विभाग की ओर से युवाओं के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों, सहयोगियो, प्रतिभागी अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
*324 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर*
रोजगार मेले में 553 अभ्यर्थियों की सहभागिता के सापेक्ष 324 अभ्यर्थियों का चयन उल्लेखनीय उपलब्धि रही। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता, दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। यह पहल विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
