(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जनपद की आलेख्य मतदाता सूची-2027 का प्रकाशन कर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अंजनी कुमार सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के अनुसार जनपद की आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 25,73,725 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 14,01,921 पुरुष, 11,71,749 महिला और 55 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1649 मतदान केंद्र तथा 3287 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

*16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां*
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कराया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

*चार दिन लगेंगे विशेष कैंप*
मतदाताओं की सुविधा और अधिकाधिक पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने के उद्देश्य से 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इन विशेष शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की अपील की, ताकि अभियान की जानकारी प्रत्येक अर्ह नागरिक तक पहुंच सके।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से विधानसभा क्षेत्रवार अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

*वेबसाइट पर देख सकेंगे मतदाता सूची*
जनपद की आलेख्य मतदाता सूची-2027 आमजन के अवलोकन के लिए जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। नागरिक https:// kheri.nic.in/ deo-portal/ पर जाकर मतदाता सूची देख सकते हैं। पुनरीक्षण अवधि के दौरान पात्र नागरिक अपना नाम सूची में शामिल कराने तथा त्रुटियों के सुधार के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

*ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा*
मतदाता संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), पदाभिहित अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप और https://voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6, 7 और 8 भरने की सुविधा भी उपलब्ध है। पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जनपद में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (डीसीसी) के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

*विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की स्थिति*
|विधानसभा | कुल मतदाता|
| पलिया | 3,25,456 |
| निघासन | 3,29,124 |
|गोला गोकर्णनाथ|3,43,859
| श्रीनगर | 3,04,197|
| धौरहरा | 3,11,406|
| लखीमपुर | 3,48,070|
| कस्ता | 2,89,832|
| मोहम्मदी | 3,21,781|
| कुल |25,73,725|

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed