
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति अभियान (फेज-6.0)’ के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी, डॉ० ख्याति गर्ग के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में लखीमपुर खीरी पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण और नवीन पहल की गई है। शारदीय नवरात्र एवं रामलीला मेले के दौरान होने वाली भीड़ के दृष्टिगत महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व त्वरित बनाने के लिए जनपद के चार प्रमुख क्षेत्रान्तर्गत स्थित रामलीला मैदानों में कुल 04 मिशन शक्ति पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है।
स्थापित की गई मिशन शक्ति पुलिस चौकियों का विवरणः➤ चौकी मिशन शक्ति मेला मैदान (थाना कोतवाली सदर क्षेत्रान्तर्गत)➤ चौकी मिशन शक्ति रामलीला मैदान पलिया (थाना पलिया क्षेत्रान्तर्गत)> चौकी मिशन शक्ति रामलीला मैदान मोहम्मदी (थाना मोहम्मदी क्षेत्रान्तर्गत)> चौकी मिशन शक्ति रामलीला मैदान गोला (थाना गोला क्षेत्रान्तर्गत)। प्रमुख व्यवस्थाएं एवं कार्यप्रणालीः
1. 24 घंटे सक्रियता (24×7 तैनाती): उपरोक्त चारों मिशन शक्ति पुलिस चौकियां 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। इन चौकियों पर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी समय महिलाओं व बालिकाओं को तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध हो सके।
2. लगातार गश्त एवं सतत निगरानीः मेला परिसर एवं रामलीला मैदानों के आसपास महिला पुलिस टीमों द्वारा लगातार पैदल गश्त और सघन निगरानी की जाएगी, जिससे असामाजिक व संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके और महिलाएं पूर्णतः सुरक्षित महसूस करें।
3. दुर्व्यवहार व छेड़छाड़ पर त्वरित कार्यवाहीः महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत उनके साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, अभद्रता या छेड़छाड़ की शिकायत प्राप्त होने पर चौकी द्वारा बिना किसी विलंब के त्वरित और कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
4. खोये हुए बच्चों की सहायताः मेले की भीड़ में भटकने या परिजनों से बिछड़ने वाले बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत ये चौकियां विशेष रूप से कार्य करेंगी तथा खोये हुए बच्चों को तत्काल सुरक्षित संरक्षण में लेकर उन्हें शीघ्र उनके परिजनों से मिलाया जाएगा।
5. हेल्पलाइन नम्बरों से जागरूकताः इन चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा मेले में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा सम्बन्धी विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों से भी अवगत कराया जाएगा, ताकि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत या असुविधा होती है, तो वे तुरंत इन नम्बरों पर सम्पर्क कर पुलिस की सहायता ले सकें।
प्रमुख महिला एवं आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरः> 1090 – वूमेन पावर लाइन (महिला सुरक्षा)> 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा➤ 181 – महिला हेल्पलाइन➤ 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन (बच्चों की सहायता हेतु)> 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन➤ 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन।लखीमपुर खीरी पुलिस समस्त जनपदवासियों, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील करती है कि वे पूर्णतः निडर होकर शारदीय नवरात्र एवं रामलीला पर्व का आनंद लें। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, संदिग्ध गतिविधि, दुर्व्यवहार या बच्चे के गुम होने की स्थिति में तुरंत अपने क्षेत्र के रामलीला मैदान में स्थापित’ अस्थायी महिला पुलिस चौकी पर संपर्क करें अथवा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करें। खीरी पुलिस आपकी सुरक्षा व सेवा में सदैव तत्पर है।
