(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी, 14 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारी प्रथम का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित हुआ। डीएम अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन में मास्टर ट्रेनरों ने निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण के बाद डीएम ने कार्मिकों से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न सवाल-जवाब कर उनकी जानकारी और तैयारियों को परखा।

डीएम ने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है। सभी नियमों का अक्षरशः पालन करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। सीडीओ योगानंद पाण्डेय ने सतर्कता, आपसी समन्वय और अभिलेखों के सही रखरखाव पर जोर देते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा।

*मतदान प्रक्रिया की दी जानकारी*
प्रशिक्षण में पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मतदान मतपत्र और मतपेटी के माध्यम से एकल संक्रमणीय मत एवं आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत होगा। कार्मिकों को मतदाता पहचान, अमिट स्याही लगाने, मतपत्र जारी करने, वरीयता अंकन और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने की प्रक्रिया समझाई गई। दृष्टिबाधित एवं अशक्त मतदाताओं को नियमानुसार सहायता देने के निर्देश भी दिए गए।

पीठासीन अधिकारियों को मतदान केंद्र की निगरानी और समस्या होने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना देने को कहा गया। प्रशिक्षण में मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, चुनौती मत एवं निविदत्त मत, वीडियोग्राफी, पीठासीन अधिकारी की डायरी और मतदान लेखा तैयार करने की जानकारी दी गई। मतदान समाप्ति पर मतपेटी को नियमानुसार सील करने तथा सभी अभिलेख और निर्वाचन सामग्री निर्धारित संकलन केंद्र पर जमा कराने के निर्देश दिए गए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *