(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां (खीरी )बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड की 14 चीनी मिलों के मध्य आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में पलिया चीनी मिल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। लखनऊ स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में खेले गए फाइनल मुकाबले में पलिया की टीम ने कॉरपोरेट कार्यालय की टीम को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जीत के बाद मिल परिसर पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड की चीनी मिलों के बीच आयोजित प्रतियोगिता को सेंट्रल, ईस्ट और वेस्ट जोन में बांटा गया था। सेंट्रल जोन की पांचों चीनी मिलों के बीच हुए मुकाबलों में पलिया की टीम विजेता रही। वहीं, ईस्ट जोन में कुंदरकी और वेस्ट जोन में किनौनी की टीम ने जीत दर्ज की। तीनों जोन की विजेता टीमों के बीच लखनऊ कॉरपोरेट कार्यालय में फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें पलिया की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के दौरान पलिया की टीम ने लगातार बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में पलिया ने किनौनी को 4-1 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में कॉरपोरेट कार्यालय की टीम को 3-2 से हराया, जबकि तीसरे मुकाबले में कुंदरकी की टीम को 5-0 से शिकस्त दी। इस प्रदर्शन के आधार पर पलिया की टीम ने प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
विजेता टीम को ग्रुप के प्रेसीडेंट एचआर प्रभाकर चंद्रा , नीरज कुमार ,शुरुची ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। पलिया चीनी मिल पहुंचने पर खिलाड़ियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। यूनिट हेड ओपी चौहान ने टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed