(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 11 अक्टूबर। नवरात्र के प्रथम दिन जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 254 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। गोला के स्व. राजेंद्र गिरि स्मारक स्टेडियम में 171 और फूलबेहड़ के आसिता मैरिज लॉन में 83 जोड़ों ने नई जिंदगी की शुरुआत की। कहीं मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए गए तो कहीं निकाह की रस्में अदा हुईं। दोनों आयोजन स्थलों पर शहनाई की गूंज, सजे मंडप और अपनों की मौजूदगी ने माहौल को खुशियों से भर दिया। कार्यक्रम का सफल संयोजन डीएसडब्लूओ वंदना सिंह ने किया।
गोला में विधायक अमन गिरि, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ योगानंद पाण्डेय, पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल रिंकू और विकासखंड प्रशासक ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। फूलबेहड़ में विधायक मंजू त्यागी, सीडीओ योगानंद पाण्डेय और ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

पगड़ी पहनकर पहुंचे अधिकारी, नवदंपतियों पर बरसाए फूल

समारोह में पारंपरिक पगड़ी पहनकर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। उन्होंने नवदंपतियों को उपहार भेंट किए और सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ उपहार सामग्री का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता भी परखी। प्रशासन की ओर से वर-वधू पक्ष को बैने के रूप में ड्राई फ्रूट और लड्डू से सजी डलियां भेंट की गईं।

गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान है योजना : डीएम

अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के तहत दांपत्य जीवन की शुरुआत के लिए 64 हजार रुपये की राशि सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने के साथ नवदंपतियों को सम्मानपूर्वक नई जिंदगी शुरू करने का अवसर देता है।

*सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए सम्मान और संबल : विधायक*

विधायक अमन गिरि ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए सम्मान और संबल का माध्यम है। यह योजना बेटियों के विवाह की चिंता दूर करने के साथ दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करती है। सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता, भाईचारे, समानता का संदेश देता है। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए सुखमय, समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।

*माताओं की चिंता हुई दूर : विधायक*।

फूलबेहड़ में विधायक मंजू त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ने उन माताओं की चिंता दूर की है, जो आर्थिक संकट के कारण बेटियों के विवाह को लेकर परेशान रहती थीं। सरकार की यह पहल गरीब परिवारों को सहारा देने के साथ बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सीडीओ योगानंद पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के सपनों को नई उड़ान देने और बेटियों के जीवन में खुशियों के रंग भरने की पहल है। उन्होंने नवदंपतियों को शुभाशीष देते हुए विश्वास, प्रेम और आपसी सम्मान के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने का संदेश दिया।

*जयमाल स्टेज और आर्केस्ट्रा बना आकर्षण*

दोनों समारोहों में आकर्षक जयमाल स्टेज और सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। आर्केस्ट्रा की धुनों ने आयोजन में उत्सवी रंग भरे। बारातियों के लिए भोजन और नवरात्र का व्रत रखने वालों के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की गई।

*उपहारों से सजेगी नवदंपतियों की गृहस्थी*

नवदंपतियों को 05 साड़ी, चुनरी, चूड़ियां, सिंदूर, वर के वस्त्र, कुकर, पंखा, आयरन प्रेस, डिनर सेट, गद्दा, तकिया, चादर, कंबल, ट्रॉली बैग और वैनिटी किट सहित घरेलू उपयोग की सामग्री दी गई। अतिरिक्त उपहार के रूप में फोल्डिंग बेड, मिक्सर ग्राइंडर, स्टील बॉक्स और कैसरोल भी प्रदान किए गए।

*विदाई की बेला में छलकीं आंखें*

विवाह की रस्में पूरी होने के बाद विदाई का समय आया तो माहौल भावुक हो गया। माता-पिता ने बेटियों को गले लगाकर नई जिंदगी के लिए आशीर्वाद दिया। खुशियों के बीच नम आंखों से हुई विदाई ने समारोह को यादगार बना दिया।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed