(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 27 सितंबर अतिवृष्टि और तेज हवाओं के बाद शहर में उत्पन्न परिस्थितियों के दृष्टिगत डीएम अंजनी कुमार सिंह खुद सड़कों पर उतरे। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह व अन्य प्रशासनिक अफसरो संग विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर उन्होंने जलभराव, गिरे और झुके पेड़ों तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को मौके पर ही राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

डीएम सबसे पहले ईदगाह मोहल्ले पहुंचे। यहां तेज हवा के कारण झुके पेड़ से आसपास के मकानों पर खतरा बना हुआ था। वन विभाग की टीम पेड़ को सुरक्षित तरीके से काटने में जुटी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने आसपास के घरों को तत्काल खाली कराने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने शिव कॉलोनी का निरीक्षण किया। जलभराव की स्थिति देखते हुए उन्होंने सैम्पवेल के माध्यम से पानी पंप आउट कराकर जल्द जलनिकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

*डीएम ने विधायक संग किया विद्युत वितरण केंद्र छाउछ का निरीक्षण*
इसके बाद डीएम ने विधायक सदर योगेश वर्मा के साथ विद्युत वितरण केंद्र छाउछ का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मौजूद अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड (प्रथम) से पावर रीस्टोरेशन कार्य की बारीकी से जानकारी ली। अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल विद्युत बहाल की जाए। पेयजल आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में भी तेजी से व्यवस्था सामान्य कराने को कहा।

डीएम ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश से बड़ी संख्या में पेड़ सड़कों व विद्युत लाइनों पर गिर गए हैं। इनके निस्तारण के लिए वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। सभी संबंधित विभाग मौके पर डटे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व पेयजल आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने के प्रयास जारी हैं। डीएम ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, ईओ संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *