(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी के भीरा कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-731 पर शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। हाईकोर्ट के निर्देश पर हाईवे किनारे बने 50 से ज्यादा अवैध घरों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है
इससे पहले मंगलवार सुबह भी प्रशासन कार्रवाई करने पहुंचा था, लेकिन कुछ वजहों से यह कार्रवाई टल गई थी। दरअसल, एनएचएआई बरेली इकाई के सह परियोजना निदेशक ने 3 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा 26 (2) के तहत सात दिन में अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया था।इस नोटिस की समय सीमा पूरी होने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई लोग अपने टीन-शेड और दुकानें खुद तोड़कर मलबा ट्रॉलियों में भरकर ले जा रहे थे।इसके बाद भी प्रशासन ने आज सुबह दो घंटे का समय दिया। यह समय पूरा होने के बाद सड़क के दोनों ओर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि गरीबों के घर तोड़े गए, जबकि बड़े प्रतिष्ठानों को छूट दी गई। एसडीएम पलिया पुष्पक ने बताया कि हटाए गए करीब 50 परिवारों के रहने की व्यवस्था नगर पंचायत ने की है। जिनके पास पहले से आवास हैं, उन्हें छोड़ दिया गया है। बाकी लोगों को जल्द आवास दिलाया जाएगा। एनएचएआई ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर उसका खर्च भी वसूला जाएगा।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed