पलियाकलां(खीरी)पलिया नगर को ब्राड गेज रेल से जोड़े जाने की मांग को लेकर सत्ताधारी पार्टी से लेकर विपक्षी पार्टियों के साथ नगर व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन सहित सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान पलिया रेलवे स्टेशन के पास सभा को संबोधित किया गया। जिसके बाद सभी लोग तहसील पहुंचे और रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम की गैरमौजूदगी में नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार श्रीवास्तव को सौंपा। इससे पहले संबोधन में अमित महाजन नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता, सपा नेता नरेश यादव ने जन प्रतिनिधियों की उपेक्षा की बात कही यही कारण है कि आज पलिया ब्राड गेज लाइन से हटाया जा रहा है।
भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित पलिया कलां सामरिक, व्यापारिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है। दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के साथ नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन के लिए भी पलिया प्रमुख केंद्र है। बड़ी रेल लाइन से जुड़ने पर पलिया समेत पूरे क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधा मिलने के साथ व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलराम गुप्ता, सतीश अजमानी, संजीव कुमार मिश्रा ‘मुन्ना’, जफर अहमद, अनिल राजभर, गौरव गुप्ता, अमित महाजन, राजेश मास्टर, आलोक मिश्रा, रवि गुप्ता, जीएस वालिया सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। ज्ञापन ने मांग की कि मैलानी-नानपारा रेलखंड के ब्रॉडगेज परिवर्तन की प्रक्रिया में पलिया को प्रमुखता से शामिल किया जाए तथा आवश्यक सर्वेक्षण, एफएलएस और डीपीआर में पलिया को उचित स्थान दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल अथवा व्यक्ति विशेष की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के व्यापक हित से जुड़ा मुद्दा है। ज्ञापन पर नागरिकों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जनता की इस वर्षों पुरानी मांग पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र के लोग बड़े पैमाने पर जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को गया सौंपा गया। इस दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों, किसान यूनियनों और स्थानीय नागरिकों की भारी मौजूदगी रही।