(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) फतेहपुर बाराबंकी ओवरऑल चैंपियन बनी फतेहपुर की टीम ने विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
फतेहपुर, बाराबंकी स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, फतेहपुर के भैया-बहनों ने बाराबंकी संकुल की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। संकुल के पांच विद्यालयों की टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, जिसमें सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, फतेहपुर की टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शिशु, बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग की विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को संकुल प्रमुख रामसागर तिवारी ने मेडल एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
शिशु वर्ग में गौरी वर्मा ने 200 मीटर, 400 मीटर एवं ऊंची कूद, मोही ने ऊंची कूद तथा आयुष वर्मा ने 400 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बाल वर्ग में आदित्य राज ने चक्का फेंक एवं गोला फेंक, प्रिंस ने 200 मीटर एवं 80 मीटर हर्डल रेस तथा बहन मुस्कान वर्मा ने गोला एवं चक्का फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
किशोर वर्ग में शानू प्रताप सिंह ने गोला एवं चक्का फेंक, नितेश कुमार यादव ने भाला फेंक, हैमर थ्रो एवं 400 मीटर, राहुल सिंह ने 200 मीटर, 1500 मीटर एवं 3000 मीटर, सचिन कुमार ने ऊंची कूद एवं त्रिकूद, आयुष ने 110 मीटर एवं लंबी कूद, मनी वर्मा ने 200 एवं 400 मीटर, शैलजा मिश्रा ने 100 मीटर, अंशिका वर्मा ने 1500 मीटर, 3000 मीटर एवं त्रिकूद, शशि वर्मा ने 800 मीटर एवं 3000 मीटर तेज चाल तथा महक राज ने गोला, चक्का एवं भाला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
तरुण वर्ग में मुस्कान यादव ने गोला एवं चक्का फेंक, अंशु ने 400 एवं 800 मीटर, प्रिया यादव ने भाला फेंक, सरस कुमार ने भाला फेंक, तेज चाल एवं 5000 मीटर, प्रियांशु ने ऊंची कूद तथा आदित्य ने 400, 800 एवं 1500 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार वर्मा ने सभी विजयी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ टीम इंचार्ज शारीरिक आचार्य महेश जी एवं आचार्या बहन प्रिया अवस्थी जी संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के दौरान आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता भैया-बहनों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। ओवरऑल चैंपियन का खिताब प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने सिद्ध कर दिया कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेलकूद एवं सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में भी निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *